हरपालपुर। थाना क्षेत्र के कटरा-बिल्हौर हाईवे पर लमकन गांव के पास गुरुवार रात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
मलौथा निवासी श्याम (35), साथी श्यामवीर (20) के साथ रात 11 बजे बाइक से लखनऊ से घर आ रहा था। रास्ते में हरपालपुर की तरफ से जा रहे अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी।
हादसे में श्याम की मौके पर मौत हो गई। जबकि श्यामवीर को चोट आ गई। उसे एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरपालपुर में भर्ती कराया गया। वहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। श्याम के परिवार में पत्नी पूनम व पुत्री है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक चालक हेलमेट नहीं लगाए था।