संडीला। कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार दोपहर स्कूल से पढ़कर साइकिल से घर जा रही छात्रा को ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना पर पहुंचे परिजन उसे सीएचसी ले गए। डॉक्टर ने उसे ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। जहां पर देर रात उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पोषणखेड़ा निवासी शालिनी (14) आईआर कॉलेज में कक्षा 9 की छात्रा थी। गुरुवार दोपहर छुट्टी के बाद वह साइकिल से घर लौट रही थी। रास्ते में संडीला-गदौरा मार्ग पर पर पंजाबीखेड़ा के पास पीछे से आए बेकाबू ट्रैक्टर ने साइकिल में टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे परिजन उसे सीएचसी ले गए। डॉक्टर ने हालत नाजुक होने पर उन्हें लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। जहां पर देर रात उसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। कोतवाल दिलेश कुमार सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर कब्जे में लिया गया है। परिजन की तरफ से तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।