सवायजपुर। सवायजपुर काोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मदनापुर गांव के बाहर स्थित तालाब में शनिवार को एक किसान की डूबकर मौत हो गई। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरा।
मदनापुर निवासी रामलखन (43) खेती करता था। शनिवार सुबह 10 बजे वह धान के खेत की रखवाली के लिए घर से निकला था। दोपहर में भी घर न आने पर परिजन उसकी तलाश में जुट गए। गांव के बाहर स्थित तालाब की तरफ पहुंचने पर राम लखन का शव उतराता मिला तो परिजनों के होश उड़ गए।
ग्रामीणों की सहायता से परिजनों ने शव बाहर निकाला। परिजनों के मुताबिक रामलखन के खेत पर जाने का एक रास्ता तालाब पर बने बंधे से होकर जाता है। आशंका जताई जा रही है कि इसी बंधे से जाते समय पैर फिसलने से रामलखन तालाब में गिरा होगा।
किसान के परिवार में पत्नी मीना, तीन पुत्र शोभित, सुमित और अमित हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया। प्रभारी निरीक्षक सुनील सिंह ने बताया कि डूबने की वजह से रामलखन की मौत हुई है।