सवायजपुर (हरदोई)। थाना क्षेत्र में कटरा-बिल्हौर हाईवे पर ग्राम कुइयांखेड़ा के पास बस अनियंत्रित होकर पलट गई। बस पलटने से एक महिला समेत पांच लोग घायल हो गए। इसमें दो लोगों की हालत नाजुक बताई गई है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
रविवार की दोपहर के बाद एक निजी बस हरपालपुर से फर्रुखाबाद के लिए एक दर्जन यात्रियों को लेकर जा रही थी। इसी रास्ते पर आ रहे वाहन को बचाने के प्रयास में सवायजपुर थाना क्षेत्र में ग्राम कुइयांखेड़ा के पास अनियंत्रित होकर बस पलट गई। थाना हरपालपुर के बाघपुरवा निवासी फूलन देवी (35) पत्नी विनोद, फर्रुखाबाद जनपद के थाना कमालगंज के जगदीशपुर निवासी पीयूष (26), थाना राजेपुर के बहादुरपुर निवासी लालू (35) समेत पांच लोग घायल हो गए। जबकि सात लोग सुरक्षित बस से निकल आए।
घायलों को सीएचसी सवायजपुर भेजा गया है। डॉक्टर ने फूलन देवी, पीयूष की हालत गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेल रेफर कर दिया। कोतवाल सुनील सिंह ने बताया कि बस चालक मौके से भाग गया। बस को कब्जे में ले लिया गया है।