हरदोई। सराफा व्यापारियों की पीड़ा को राज्यसभा सांसद व सपा राष्ट्रीय महासचिव नरेश अग्रवाल राज्यसभा में उठाएंगे। सोमवार को सराफा प्रतिनिधि मंडल से मिलने के बाद सांसद ने यह आश्वासन दिया। उधर, 13वें दिन भी हड़ताल जारी रही।
सराफा कमेटी के मीडिया प्रभारी प्रदीप रस्तोगी ने बताया कि एक सराफा कमेटी का प्रतिनिधि मंडल सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल महेंद्रा के नेतृत्व में दिल्ली गया और सांसद नरेश अग्रवाल को ज्ञापन दिया। कमेटी पदाधिकारियों ने एक्साइज ड्यूटी लगने के कारण पड़ने वाले प्रभाव से अवगत कराया। उन्होंने अनुरोध किया कि उनकी मांगों को संसद में उठाएं। सांसद ने राज्यसभा में उनकी बात पहुंचाने का आश्वासन दिया।
अध्यक्ष अनिल महेंद्रा ने बताया कि यह परेशानी सिर्फ इस जिले की ही नहीं है बल्कि पूरा देश इससे प्रभावित होगा। दूसरी तरफ जिले में 13 वें दिन भी हड़ताल जारी रही। सिनेमा रोड पर सराफा व्यापारियों ने एकत्र होकर नारेबाजी की। इस मौके पर सुधीर सोनी, सुशील सोनी, हरी रस्तोगी, दुर्गेश गुप्ता, मनीष रस्तोगी, मनीष वर्मा, अभिषेक रस्तोगी, आशीष रस्तोगी, राजेश, योगेश, राजा रस्तोगी आदि मौजूद रहे।