फोटो-32-प्रशासन की ओर से सील किया गया मंदिर। संवाद
- नव स्थापित शिवलिंग हटवाकर पुलिस ने सील किया मंदिर
- 2010 में राम दरबार की स्थापना के प्रयास में भी हुआ था एतराज
संवाद न्यूज एजेंसी
पिहानी। सिमौर गांव में बौद्ध व हिंदू धर्म के लोगों की आस्था का साझा केंद्र शिव मंगल आश्रम के मंदिर कथित रूप से शिवलिंग प्रकट होने के बाद एक बार फिर चचाओं में है। एक पक्ष की शिकायत के बाद पुलिस ने शिवलिंग हटवा कर मंदिर को सील कर दिया है।
वर्ष 2010 में मंदिर में राम दरबार की स्थापना के प्रयासों के बीच दूसरे पक्ष के एतराज के बाद तत्कालीन एसडीएम पदम कुमार की उपस्थिति में आम समझौता हुआ था, जिसके अनुसार किसी भी पक्ष को कोई नई मूर्ति स्थापित करने की अनुमति नहीं होगी। दोनों पक्ष परंपरागत तरीके से पूजा पाठ करते रहेंगे। आश्रम पर कोई नया आयोजन भी नहीं होगा।
बुधवार की सुबह शिवमंगल आश्रम मंदिर में शिवलिंग प्रकट होने की चर्चाएं आम हुईं तो दूसरा पक्ष इस पर शिवलिंग स्थापित करने को लेकर इसका विरोध करने लगा। साथ ही पुलिस को सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शिवलिंग हटवा कर मंदिर सील कर दिया है। कोतवाल सुनील दत्त कौल ने बताया कि ग्राम प्रधान की सूचना पर वह नायब तहसीलदार अनिल कुमार, क्षेत्रीय कानून गो व लेखपाल के साथ आश्रम स्थल पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि शिव लिंग को पास के धार्मिक स्थल खेमा ताली में स्थापित कर दिया गया है। गांव में पूरी तरह से शांति है।