फोटो-56 जिला अस्पताल में भर्ती भाजपा प्रत्याशी के घायल समर्थक। संवाद
भाजपा प्रत्याशी की ओर से चार लोग घायल, दूसरे पक्ष से घायलों से नही हो सकी बात
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। गोपामऊ कस्बे में पोलिंग पार्टियां रवाना होने के बाद भाजपा प्रत्याशी और निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थकों के बीच जमकर मारपीट हुई और ईंट-पत्थर भी चले। आरोप है कि निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थकों की ओर से फायरिंग भी की गई। मारपीट में भाजपा प्रत्याशी की ओर के चार लोग घायल हुए हैं।
गोपामऊ नगर पालिका के चेयरमैन के पद से भाजपा समर्थित प्रत्याशी हाजी वली मोहम्मद चुनाव लड़ रहे हैं । वहीं, दूसरे पक्ष से निर्दलीय प्रत्याशी नौशाद नदवी भी नगर पालिका के चेयरमैन के पद के प्रत्याशी हैं। गुरुवार को मतदान होने के बाद पोलिंग पार्टियां कस्बे से रवाना हुईं। उसके बाद दोनों प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच कस्बा में ही जमकर लाठी-डंडों से मारपीट हुई। आरोप है कि निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थकों की ओर से हवाई फायरिंग भी की गई है।
मारपीट में भाजपा प्रत्याशी की ओर से फैजान (19), जुबेर (20), इरफान (20) और उस्मान (35) घायल हुए हैं। जिनको जिला अस्पताल लाया गया है। वहीं, दूसरे पक्ष से भी दो लोगों के घायल होने की बात कही जा रही है। हालांकि दूसरे पक्ष के लोग अस्पताल नहीं पहुंचे। इस संबंध में टडि़यावां कोतवाल नित्यानंद सिंह का कहना है कि अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। मारपीट की जानकारी मिली है। मामले की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला चुनावी बताया जा रहा है।