सवायजपुर। खेत से घर लौट रही महिला को गांव के पास तेज रफ्तार से जा रही बोलेरो ने टक्कर मार दी। इससे महिला हवा में उछल कर दूसरी तरफ सड़क किनारे जा रहे बाइक सवार पर गिर गई। इससे महिला की मौत हो गई। बाइक सवार दो लोगों को भी हल्की चोट आई और वह लोग चले गए।
सवायजपुर कोतवाली के सदुल्लीपुर निवासी कमला (42) पत्नी छोटे की ससुराल फर्रुखाबाद में है। पति के न रहने के बाद से वह सदुल्लीपुर मायके में रह रही थी। रविवार की सुबह कमला खेत से सीला बीन कर घर लौट रही थी। इसी बीच बिल्हौर-कटरा हाईवे पर उसे एक बोलेरो ने जोरदार टक्कर मारी।
महिला हवा में उछल कर दूसरी तरफ से आ रही बाइक पर जा गिरी। इससे कमला की वहीं मौके पर मौत हो गई। बाइक सवारों के चले जाने से उनके नाम पता की जानकारी नहीं हो सकी। बोलेरो ड्राइवर भी गाड़ी लेकर भाग गया। थानाध्यक्ष सुनील सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।