हरदोई। माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षा के उन विद्यार्थियों को एक और मौका दिया गया है। जिन विद्यार्थियों की प्रयोगात्मक परीक्षा किसी कारणवश छूट गई थी वह 13 व 14 मार्च को होने वाली परीक्षा में शामिल हो सकते हैं।
माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षा के लिए पंजीकृत विद्यार्थियों की प्रयोगात्मक परीक्षाएं जनवरी के अंतिम सप्ताह में कराई गई थी। उसके बाद लिखित परीक्षा शुरू होने से पूर्व भी बोर्ड की ओर से छूटे परीक्षार्थियों को एक मौका दिया गया था। मगर इसके बावजूद भी कई परीक्षार्थी प्रयोगात्मक परीक्षा से वंचित रह गए थे। इसके लिए बोर्ड की ओर से एक और मौका दिया गया।
जिला विद्यालय निरीक्षक बाल मुकुंद प्रसाद ने बताया कि प्रयोगात्मक परीक्षा 13 व 14 मार्च को राजकीय इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज और आरआर इंटर कॉलेज में होगी। इनमें भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान, गृह विज्ञान, कृषि विज्ञान विषय की परीक्षाएं शामिल हैं।
उन्होंने सभी प्रधानाचार्यों को पत्र जारी कर निर्देशित किया है कि वह अपने विद्यालय के बच्चों को इसकी जानकारी दें। विद्यार्थी प्रयोगात्मक परीक्षा केंद्र से भी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि इसके बाद छूटे हुए किसी भी विद्यार्थी को प्रयोगात्मक परीक्षा के लिए मौका नहीं मिलेगा।