हरदोई। शहर में कभी लूट तो कभी चेन स्नैचिंग के मामले सामने आ रहे हैं। पुलिस लुटेरों पर शिकंजा कसने में नाकामयाब हो रही है। दो दिन पहले चिंतालपुरवा में हुई लूट का पुलिस खुलासा भी नही कर पाई थी। इसी बीच गुरुवार की रात में बाइक सवार लुटेरों ने चाकू दिखाकर एक युवक से मोबाइल छीन लिया।
कोतवाली शहर के मोहल्ला चौहान थोक के पास बाबा मंदिर निवासी सुनील वर्मा गुरुवार की रात में पैदल सरकुलर रोड की ओर जा रहा था। बाइक सवार दो लुटेरे वहां से गुजरे। पीड़ित ने बताया कि दोनों बाइक सवारों ने उसे रोक लिया। उसके बाद चाकू लगाकर उसकी तलाशी ली। रुपये न निकले पर उसका मोबाइल छीन कर मौके से सांडी चुंगी की ओर फरार हो गए। उसने शोर किया, लेकिन तब तक लुटेरे काफी दूर निकल चुके थे। शहर कोतवाल संजय पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।