हरपालपुर। थाना क्षेत्र के हरपालपुर-चौंसार मार्ग पर भभूतिपुरवा गांव के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार मां-बेटा घायल हो गए। दोनों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया हैं।
अरवल थाना क्षेत्र बेडीजोर गांव निवासी धीरज तिवारी (18) अपनी मां वीनू (45) को हरपालपुर कस्बे में गुरुवार को दवा दिलाकर घर वापस जा रहा था।तभी हरपालपुर चौसार मार्ग पर भभूतिपुरवा गांव के पास अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरपालपुर में भर्ती कराया गया। जहां से डॉक्टर ने गंभीर हालत में दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल से वीनू को लखनऊ के मेडिकल ट्राॅमा सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया है।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक चालक हेलमेट नहीं लगाया था। थानाध्यक्ष श्यामू कनौजिया ने बताया कि अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। मामले की जांच की जा रही है। (संवाद)