हरदोई। सावन के अंतिम सोमवार को सकाहा मंदिर से दर्शन कर बाइक से घर लौट रहे बुजुर्ग को किसी वाहन ने टक्कर मार दी। जिला अस्पताल में डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शहर कोतवाली क्षेत्र के लखनऊ रोड पर बाबू सिंह वाली गली निवासी राम मोहन श्रीवास्तव (65) सोमवार को सकाहा स्थित शिव मंदिर में पूजा करने गए थे। शाम तीन बजे वह बाइक से घर लौट रहे थे। हरदोई-शाहजहांपुर मार्ग पर देहात कोतवाली क्षेत्र में गुलामऊ पुलिया के पास किसी वाहन ने टक्कर मार दी। राम मोहन श्रीवास्तव गंभीर घायल हो गए। मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने उन्हें एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा और पास मिले मोबाइल से परिजनों को सूचना दी। अस्पताल में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। परिवार में पत्नी किरन श्रीवास्तव और दो पुत्र हैं। दोनों पुत्र बंगलूरू में रहते हैं। सीओ सिटी अंकित मिश्रा ने बताया कि परिजनों से तहरीर लेकर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।