भरावन (हरदोई)। दोस्त के साथ दवा लेने जा रहे बाइक सवार को संडीला अतरौली मार्ग पर किसी वाहन ने टक्कर मार दी। घटना में दोनों दोस्त घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल युवक की ट्रॉमा सेंटर में मौत हो गई।
अतरौली थाना क्षेत्र के रायपुर सोमवंशी निवासी अमरेश (30) दिल्ली में हलवाई का काम करता था। तीन दिन पहले वह दिल्ली से गांव आया था। उसे बुखार आ रहा था। शुक्रवार शाम वह अपने दोस्त बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के पाठकपुर निवासी नितिन (25) के साथ दवा लेने बाइक से ढिकुन्नी जा रहा था।
संडीला अतरौली मार्ग पर कनौरा पुलिया के पास किसी वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। घटना में दोनों घायल हो गए। अमरेश को सीएचसी भरावन ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।
ट्रॉमा सेंटर में उसे मृत घोषित कर दिया गया। वह चार भाई-बहनों में दूसरे नंबर का था और अविवाहित था। प्रभारी निरीक्षक डीके सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।