हरपालपुर। कटरा-बिल्हौर मार्ग पर बरंडारी मोड़ के पास बाइक सवार युवकों को वाहन ने टक्कर मार दी। बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरपालपुर में भर्ती कराया गया है। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।
हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के बेहटा रमपुरा निवासी गोलू (26) खेती करता था। उसके मकान में लगा सबमर्सिबल पंप खराब हो गया था। पंप सही कराने के लिए वह गांव के ही रिंकू (30) के साथ बाइक से हरदोई गया था। गुरुवार देर रात दोनों पंप सही कराकर वापस आ रहे थे। कटरा-बिल्हौर मार्ग पर सांडी थानाक्षेत्र के बरंडारी गांव के पास अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी।
गोलू हेलमेट नहीं लगाए था। टक्कर लगने से सिर के बल सड़क पर गिरा, जिससे सिर में गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। साथी रिंकू घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने रिंकू को सीएचसी हरपालपुर में भर्ती कराया। गाेलू का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। गोलू के परिवार में पत्नी सीता हैं। सांडी के प्रभारी निरीक्षक सुनील दत्त कौल ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिवार की ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलते ही रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।