बेनीगंज। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बकसखेड़-अटरा मार्ग पर अचानक सड़क पर आए छुट्टा मवेशी से बाइक सवार किसान टकरा गया। जानकारी पर परिजन उसे सीएचसी कोथावां ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के बकसखेड़ा निवासी बबलू (35) मजदूरी करता था। अटरा तालाब में वह सिंघाड़े की बेल भी डालता था। बुधवार की शाम बेल डालने के लिए बाइक से अटरा जा रहा था। बकसखेड़ा-अटरा मार्ग पर अचानक सड़क पर छुट्टा मवेशी आ गया। इससे बाइक टकरा गई। बबलू गंभीररूप से घायल हो गया। परिजन उसे सीएचसी कोथावां ले गए, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।
बबलू के परिवार में पत्नी निशा, दो पुत्रियां और एक पुत्र हैं। छोटे भाई मंगल कुमार की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।