संवाद न्यूज एजेंसी
माधौगंज। माधौगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत मटियामऊ मार्ग पर सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्राॅली में अनियंत्रित बाइक पीछे से भिड़ गई। घटना में एक बाइक सवार की मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। घायल को एक प्राइवेट अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है।
मटियामऊ गांव निवासी अब्दुल हमीद (55) खेती करते थे। रविवार दोपहर लगभग दो बजे वह पारिवारिक चाचा अंसार (42) के साथ बाइक से माधौगंज जा रहे थे। मटियामऊ मार्ग पर सरफुद्दीनपुर गांव के पास सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर ट्राली में बाइक अनियंत्रित होकर टकरा गई। घटना में हमीद की मौके पर ही मौत हो गई जबकि अंसार गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी पर पहुंचे परिजन अंसार को एक प्राइवेट अस्पताल ले गए। यहां उसे भर्ती कर लिया गया। उधर दूसरी ओर हमीद के शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिवार में चार पुत्र हैं।