संडीला (हरदोई)। संडीला उन्नाव मार्ग पर एक ईंट भट्ठे के पास सड़क पर अचानक आए मवेशियों के झुंड से टकराकर बाइक सवार भाई-बहन घायल हो गए। बहन को गंभीर हालत में लखनऊ ट्रॉमा सेंटर भेजा गया। वहां उपचार के दौरान रविवार सुबह बहन की मौत हो गई।
संडीला कोतवाली क्षेत्र के सुंदरपुर निवासी अयूब बघौली थाना क्षेत्र के तिलकपुरवा गांव अपनी बहन शमा (34) के घर गया था। शनिवार रात वह बहन को लेकर बाइक से वापस गांव आ रहा था। संडीला उन्नाव मार्ग पर एक ईंट भट्ठे के सामने बाइक मवेशियों के झुंड से टकरा गई।
घटना में अयूब और शमा घायल हो गईं। दोनों को सीएचसी ले जाया गया। यहां से लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। ट्रॉमा सेंटर में रविवार सुबह शमा की मौत हो गई। संडीला कोतवाल विजेंद्र सिंह ने बताया कि दुर्घटना की सूचना है। पोस्टमार्टम लखनऊ में ही हुआ है।