हरदोई। पुलिस ने ऑपरेशन ऑल आउट के तहत चोरी की घटना का खुलासा किया है। जिसमें पुलिस ने तीन चोरों को चोरी के सामान सहित गिरफ्तार किया है।
पुलिस लाइन के सभागार में एसपी राजेश द्विवेदी ने बताया कि 20 जुलाई को बेहटागोकुल थाना क्षेत्र के सलेमपुर निवासी राहुल शर्मा की टोडरपुर में मोबाइल व इलेक्ट्रॉनिक उपकरण की दुकान व पड़ोसी दर्जी की दुकान से अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस मामले की जांच कर रही थी। शनिवार शाम सूचना मिली कि शाहाबाद मार्ग पर टोडरपुर तिराहे के आगे तीन लोग खड़े हैं। जिनको पुलिस ने भूसा भरी दुकान के सामने से घेराबंदी कर पकड़ लिया। पुलिस का दावा है कि पास में खड़ी एक बाइक पर दो बोरे रखे मिले, जिसमें चोरी का सामान मिला। आरोपी बेचने की फिराक में थे। पुलिस की गिरफ्त में आए थाना क्षेत्र के सैदपुर निवासी सचिन, सुरेंद्र, शिवम है। कब्जे में पुलिस ने 21 मोबाइल फोन, 75 चार्जर, 25 एलईडी बल्ब, 18 स्पीकर, भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक सामान प्रेस, पंखा, मोटर किट, तार, हेडफोन, टॉर्च आदि 2 तमंचे 315 बोर मय 3 जिंदा कारतूस और दो जोड़ी कपड़े बरामद किए हैं।
तीस हजार रुपये कर्ज देने के लिए की थी पहली बार चोरी
पूछताछ में आरोपी सचिन ने बताया कि वह हाईस्कूल तक पढ़ा है। उसने पड़ोसी गांव के एक व्यक्ति से तीस हजार रुपये उधार लिए थे। अब वह व्यक्ति रुपये वापस मांग रहा था जिसके चलते अपने दो सुरेंद्र व शिवम के साथ मिलकर चोरी की थी। जो पहली बार की है। वैसे सचिन दिल्ली में मजदूरी करने चला गया था। सुरेंद्र ने कक्षा आठ की पढ़ाई की है। ट्रक पर खल्लासी का काम करता है। वहीं शिवम ने हाईस्कूल तक की पढ़ाई की है। वह राजमिस्त्री का काम करता था लेकिन दोस्ती के चक्कर में अपराधी बन गया।