- लिपिकों की आय से अधिक संपत्ति की शुुरू हुई जांच
- बेसिक शिक्षा विभाग के दो लिपिक आएं हैं जांच के घेरे में
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। बेसिक शिक्षा विभाग में आय से अधिक संपत्ति की जांच में आए लिपिकों की गुरुवार को जांच शुरू हो गई। एंटी करप्शन टीम ने कार्यालय पहुंच कर संबंधित लिपिक व अन्य पटल सहायकों के बयान दर्ज किए और विभागीय अभिलेखों की भी जांच की।
महानिदेशक स्कूल शिक्षा ने प्रदेश के 28 खंड शिक्षा अधिकारी और छह लिपिकों की आय से अधिक संपत्ति की जांच भ्रष्टाचार निवारण संगठन को सौंपी थी। इसमें जनपद के बेसिक शिक्षा विभाग में तैनात दो लिपिक भी शामिल हैं। गुरुवार को लखनऊ की एंटी करप्शन टीम बीएसए कार्यालय पहुंची। यहां एक लिपिक प्रवीण मिश्र मौके पर मिले। टीम ने उसके बयान दर्ज किए। इसके साथ ही अन्य पटल सहायकों के भी बयान दर्ज किए।
इसके अलावा टीम ने लेखा विभाग और बीएसए कार्यालय से अभिलेख एकत्रित किए। टीम के सदस्यों ने बीएसए डाॅ. विनीता और अन्य विभागीय अधिकारियों से भी वार्ता कर पत्रावलियों की जांच की।
टीम प्रभारी इंस्पेक्टर नुरूलहद खान ने बताया कि एक अन्य लिपिक के विषय में ज्ञात हुआ है, वह जनपद के बाहर है। स्कूल महानिदेशक के निर्देश पर जांच शुरू हुई है। जांच से संबंधित जो भी साक्ष्य हैं, उनको एकत्रित किया जाएगा।