हरदोई। कर-करेत्तर में लक्ष्य से कम वसूली पर नगर पालिका परिषद बिलग्राम, संडीला व सांडी के अधिशासी अधिकारी सहित पांच अधिकारियों से जवाब-तलब किया गया। कम वसूली पर डीएम ने नाराजगी जाहिर की और लक्ष्य पूर्ति के निर्देश दिए।
बृहस्पतिवार को स्वामी विवेकानंद सभागार में बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीएम मंगला प्रसाद सिंह ने कर-करेत्तर वसूली की समीक्षा की। अधिकारियों से कहा कि लक्ष्य के अनुरूप वसूली के लिए कार्ययोजना बनाकर काम किया जाए। सिंचाई और खनन विभाग की भी वसूली कम मिली। नगर पालिका परिषद सांडी, बिलग्राम और संडीला की खराब वसूली प्रगति पर नाराजगी जाहिर की। कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
कहा कि आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। बाढ़ से निपटने की सभी तैयारियां प्रारंभ कर दी जाएं। जलभराव की समस्या को तत्काल दूर किया जाए। कांवड़ यात्रा मार्ग को पूरी तरह से दुरुस्त करा लिया जाए। एडीएम प्रियंका सिंह, नगर मजिस्ट्रेट एसके त्रिवेदी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।