- सामुदायिक शौचालय के क्रियाशील किए बिना ही केयर-टेकर को किया जा रहा भुगतान
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। सामुदायिक शौचालय की न तो ग्रामीणों को कोई सुविधा मिल रही है और न ही इसे क्रियाशील किया गया है। शौचालय को क्रियाशील कराए बिना ही केयर-टेकर को भुगतान किया जा रहा है। प्रकरण के पकड़ में आने पर सहायक विकास अधिकारी सहित तीन जिम्मेदारों से जवाब तलब किया गया है। एडीओ को केयर-टेकर से वसूली की भी जिम्मेदारी सौंपी गई है।
विकास खंड कछौना की ग्राम पंचायत बाण में सामुदायिक शौचालय के क्रियाशील न होने का खुलासा 25 मार्च को बीडीओ मानवेंद्र शर्मा की ओर से ग्राम चौपाल के बाद किए गए निरीक्षण में हुआ था। बीडीओ ने ग्रामीणों से जानकारी ली और इसकी पुष्टि हुई तो उन्होंने नाराजगी जाहिर की थी।
बीडीओ ने सामुदायिक शौचालय की केयर-टेकर के तौर पर आमावती को भुगतान किए जाने को शासकीय राशि की क्षति माना है। उन्होंने प्रभारी एडीओ संतोष, ग्राम विकास अधिकारी राजेश कुमार और राष्ट्रीय ग्रामीण आजाविका मिशन के ब्लॉक मिशन प्रबंधक राजेश कुमार को नोटिस जारी कर तीन दिन में स्पष्टीकरण मांगा है। प्रभारी एडीओ को आदेश दिए हैं कि केयर-टेकर को छह हजार रुपये प्रतिमाह के हिसाब से मानदेय और तीन हजार रुपये शौचालय रख-रखाव की राशि की रिकवरी कर रिपोर्ट प्राप्त कराएं।