संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। मुख्य विकास अधिकारी और विश्व स्वास्थ्य संगठन की सलाहकार ने मंगलवार को जिला क्षय रोग अधिकारी कार्यालय का निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने क्षय रोगियों के इलाज में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। सीएमओ ने कहा कि 2025 तक भारत को टीबी मुक्त बनाने का प्रधानमंत्री का संकल्प हर हाल में पूरा करना है।
क्षय रोग कार्यालय में सीएमओ डा. रोहताश कुमार और सलाहकार डा. नीतू सुरेश ने ब्लाकवार क्षय रोगियों और उनके इलाज की समीक्षा की। सीएमओ ने बताया कि स्थिति संतोषजनक मिली है। मरीजों के इलाज को और बेहतर व व्यवस्थित करने के लिए एएनएम और कम्यूनिटी हेल्थ ऑफिसर को भी क्षय रोगियों का ब्योरा दिया जाएगा। टीबी के मरीजों की निगरानी की जिम्मेदारी सीएचओ और एएनएम की भी होगी।
यह देखेंगे कि मरीज समय से दवा का सेवन कर रहा है या नहीं। सभी सीएचसी और पीएचसी में टीबी के इलाज की दवा पर्याप्त मात्रा में है। निरीक्षण के दौरान जिला क्षय रोग अधिकारी डा. नोमानउल्ला, अहिरोरी सीएचसी के अधीक्षक डा. मनोज सिंह, डा. प्रदीप कश्यप, कुलदीप जौहरी, महेश श्रीवास्तव, अनुग्रह भारद्वाज, प्रदीप शुक्ला आदि मौजूद रहे।