पहली शादी छुपा कर दूसरा विवाह करने के लिए बरात लेकर पहुंचे दूल्हे को लड़की पक्ष की शिकायत के बाद कोतवाली में रात बितानी पड़ी। दोनों पक्षों में सुलह समझौते के प्रयास बुधवार शाम तक जारी रहे। मामला क्षेत्र के सआदतनगर गांव का है। यहां गांव निवासी राम लाल की पुत्री मीनाक्षी का विवाह लखीमपुर जिले के मितौली कस्बा निवासी रामजी पुत्र दिनेश के साथ तय हुआ था।
मंगलवार रात बरात आ गई। बरात का पंचायत भवन में वधू पक्ष की ओर से स्वागत किया गया। द्वाराचार के बाद बराती खाना खा रहे थे और जयमाल कि रस्म होने के बाद भांवर पड़ने की तैयारी चल रही थी। इस बीच एक फोन काॅल ने सारा माहौल बदल कर रख दिया। बरात में कानाफूसी होने लगी।
वर और वधु पक्ष के बीच पाले खींच गए। तू-तू और मैं-मैं के बीच दोनों पक्ष मारपीट पर आमादा हो गए। पता चला की दूल्हे पहले से शादीशुदा है। वह अपनी पत्नी को घर में बंद करके बरात लेकर आया है। हालात बिगड़ते देख लड़की के भाई सत्यपाल ने डायल 112 पर फोन कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस दूल्हे व उसके माता पिता को हिरासत में लेकर कोतवाली आ गई। यहां दूल्हे को रात भर कोतवाली में बैठाए रखा गया। बुधवार को पूरा दिन चले सुलह के प्रयासों के बीच दूल्हे को कोतवाली पर ही दिन भी गुजारना पड़ा। देर शाम शादी कर शादी में हुए खर्च की लड़की पक्ष को वापसी की बात पर समझौते की बात चलती रही। कोतवाल वेणी माधव त्रिपाठी ने बताया खर्च वापसी के लिए दोनों पक्षों में समझौता कराया जा रहा है।