हरदोई। रेलवे स्टेशन परिसर और यार्ड में घूम रहे छुट्टा मवेशियों से ट्रेन संचालन को खतरा बना रहता है। मवेशी अक्सर रेल पटरियों तक पहुंच जाते हैं जिससे ट्रेनों की चपेट में आकर उनकी मौत हो जाती है। रेलवे अधिकारियों ने नगर पालिका को तीन बार पत्र भेजकर मवेशियों को पकड़ने का अनुरोध किया था। इसके बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। समस्या बढ़ने पर स्टेशन अधीक्षक नरसी लाल मीणा ने पालिका अध्यक्ष से फोन पर बात की और स्थिति से अवगत कराया। इसके बाद शनिवार को नगर पालिका की टीम स्टेशन पहुंची। टीम ने अभियान चलाकर चार गायों को पकड़कर परिसर से हटाया। स्टेशन अधीक्षक का कहना है कि एक दिन की कार्रवाई से समस्या खत्म नहीं होगी। परिसर और यार्ड को गोवंश मुक्त रखने के लिए नियमित अभियान चलाना जरूरी है।