हरदोई। सामाजिक सहायता कार्यक्रम के तहत वित्तीय वर्ष समाप्त होने पर प्रशासन ने 1,497 पीड़ित परिवारों दर्द कम करने का काम किया है। राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना और एससी-एसटी उत्पीड़न योजना में संबंधित के बैंक खातों में कोषागार के माध्यम से 6.20 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं।
जिला समाज कल्याण अधिकारी राजमति ने बताया कि राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना में 1,225 परिवारों के आवेदन पात्रता की श्रेणी में पाए गए थे। इन परिवारों में मृतक के आश्रितों को उनके खातों में 30-30 हजार के हिसाब से तीन करोड़ 67 लाख 50 हजार रुपये दिए गए हैं। बताया कि एससी-एसटी उत्पीड़न योजना में हत्या, दुष्कर्म और छेड़छाड़ के 272 प्रकरणों पर दो करोड़ 53 लाख 7500 रुपये कोषागार से हस्तांतरित कराए गए हैं।