हरदोई। स्थानीय निकाय के प्रभारी अधिकारी अपर जिलाधिकारी ने ईओ से पूछा है कि एमआरएफ (मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटेशन) सेंटर होने के बाद तत्योरा में निकाय का कूड़ा क्यों जलाया जा रहा है। उन्होंने ईओ को नोटिस जारी कर सवायजपुर मार्ग के किनारे कूड़ा डालने व जलाने पर जवाब-तलब किया है।
प्रभारी अधिकारी एडीएम प्रियंका सिंह ने तत्योरा के पास निकाय के कूड़ा को डाले जाने व आग लगाने से उठने वाले धुआं से आमजन को हो रहीं दिक्कतें, फैल रहीं बीमारियों व बढ़ते प्रदूषण से जुड़ी खबर को अमर उजाला के 28 अक्तूबर के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित किया था।
खबर का एडीएम ने संज्ञान में लिया। उन्होंने नगर पालिका परिषद के ईओ विनोद कुमार सोलंकी को कारण बताओ नोटिस जारी कर पूछा है कि जब कूड़ा निस्तारण के लिए इटौली के पास एमआरएफ सेंटर बनवाया गया है तो, तत्योरा के पास क्यों कूड़ा डलवाया और जलवाया जा रहा है।
उन्होंने कहा है कि एमआरएफ सेंटर को संचालित न कराते हुए कूड़ा को सड़क किनारे डलवाकर नेशलन ग्रीन ट्रिब्यूनल के आदेशों का भी उल्लंघन किया जा रहा है। कहा है कि एमआरएफ सेंटर संचालित कराए जाने के लिए इससे पहले जिलाधिकारी की ओर से भी निर्देशित किया जा चुका है। कूड़ा निस्तारण के प्रति ध्यान न दिए जाने और तत्योरा के आसपास के गांवों में प्रदूषण व सवायजपुर मार्ग के राहगीरों को होने वाली दिक्कतों के संबंध में तीन दिन के अंदर साक्ष्य सहित जवाब मांगा है।