हरदोई। तथ्यों को तोड़मरोड़ कर आला अधिकारियों से 20 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और दो सहायिकाओं का समायोजन किए जाने का मामला सामने आया है। डीएम और सीडीओ ने सख्त रुख अपनाते हुए 20 कार्यकत्रियों और दो सहायिकाओं का समायोजन निरस्त कर दिया है। साथ ही तत्कालीन जिला कार्यक्रम अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति शासन से कर दी है।
बाल विकास पुष्टाहार विभाग के अधीन आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं की तैनाती की जाती है। अलग-अलग मौकों पर इनका समायोजन (तबादला) डीएम और सीडीओ की अनुमति से जिला कार्यक्रम अधिकारी करते हैं। शासन ने 21 मार्च 2023 को शासनादेश जारी कर 20 जून तक समायोजन करने के निर्देश बाल विकास पुष्टाहार विभाग के अधिकारियों को दिए थे।
इसी क्रम में जनपद की तत्कालीन जिला कार्यक्रम अधिकारी बुद्धि मिश्रा ने 30 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सात सहायिकाओं के समायोजन की पत्रावली तैयार कर उच्चाधिकारियों से संस्तुति भी करा ली। इसी बीच डीएम मंगला प्रसाद सिंह और सीडीओ सौम्या गुरुरानी को समायोजित किए गए कर्मचारियों को लेकर गड़बड़ियों की शिकायतें मिलीं। जिला दिव्यांग सशक्तीकरण अधिकारी और जिला प्रोबेशन अधिकारी की टीम गठित कर जांच कराई गई। साथ ही अग्रिम आदेशों तक समायोजन का क्रियान्वयन करने पर रोक लगा दी गई।
बाल विकास पुष्टाहार विभाग से जुड़े विश्वस्त सूत्रों के मुताबिक जांच में 20 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का समायोजन गलत पाया गया। इसके अलावा दो सहायिकाओं का समायोजन भी गलत पाया गया है। कुल मिलाकर तत्कालीन जिला कार्यक्रम अधिकारी ने शासन में स्पष्ट व्यवस्था न होने के बावजूद तोड़मरोड़कर तथ्य पेश कर अनुमोदन करा लिया गया था। अब सीडीओ की संस्तुति पर डीएम ने तत्कालीन जिला कार्यक्रम अधिकारी बुद्धि मिश्रा के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति शासन से की है। साथ ही 20 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और दो सहायिकाओं के समायोजन को निरस्त कर दिया है। (संवाद)
केस- 1
समायोजन सूची में शामिल माधुरी देवी अपनी ससुराल में न रहकर भाई के पास रहती हैं। तत्कालीन डीपीओ ने उच्चाधिकारियों को भेजी फाइल में बताया था कि ससुराल में स्थानांतरण का प्रस्ताव दिया गया है। यह समायोजन पूरी तरह गलत था।
केस-2
समायोजन सूची में शामिल की गईं रेनू देवी का भी समायोजन ससुराल भेजने के नाम पर हुआ है। उनकी ससुराल में दो आंगनबाड़ी केंद्र हैं, लेकिन इनके समायोजन में क्या नियम माना गया, इसका उल्लेख पत्रावली में नहीं है।
इनसेट
10 कार्यकत्रियों और पांच सहायिकाओं के समायोजन को हरी झंडी
शासनादेश के अनुरूप पाए गए समायोजनों को डीएम को हरी झंडी दे दी है। 10 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और पांच सहायिकाओं को समायोजन के अनुरूप नए स्थान पर तैनाती के निर्देश डीएम ने दिए हैं।
इनसेट
यह है शासनादेश
बाल विकास पुष्टाहार विभाग के 21 मार्च 2023 को जारी शासनादेश में स्पष्ट निर्देश हैं कि ससुराल में निवास होने और पारस्परिक स्थानांतरण होने की स्थिति में ही समायोजन किया जाएगा। इसमें भी यह ध्यान रखना होगा कि संबंधित कर्मचारी का स्थानांतरण जिस स्थान पर किया जा रहा है वह वहां की निवासी हो और आरक्षण व्यवस्था को प्रभावित न करती हो।