- डीएम ने कहा, सभी हेल्थ व वेलनेस सेंटरों को क्रियाशील बनाया जाए
- जिला स्वास्थ्य समिति के शासी निकाय की बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। पिहानी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के एनेस्थेटिस्ट के लंबे समय से गैरहाजिरी की जानकारी पर डीएम ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने सीएमओ को चिकित्सक के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। जननी सुरक्षा योजना व प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व योजना की कम स्थिति पर अधीक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब प्राप्त करने के निर्देश दिए।
विकास भवन स्थित स्वर्ण जयंती सभागार में मंगलवार को जिला स्वास्थ्य समिति शासी निकाय की बैठक की अध्यक्षता करते डीएम एमपी सिंह ने कार्यक्रमवार स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने आयुष विभाग को निर्देश दिए कि आयुष को जनपद में बढ़ावा दिया जाए। चिकित्सक स्वास्थ्य केंद्र पर समय से आएं और तैनाती स्थल पर रात्रि प्रवास करें। आयुष अस्पतालों की नियमित जांच कराई जाए। जननी सुरक्षा योजना में समय से भुगतान के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व योजना में अधिक से अधिक महिलाओं को लाभान्वित कराया जाए।
स्वास्थ्य विभाग की योजना व कार्यक्रमों में कम स्थिति वाले विकास खंड बिलग्राम, अहिरोरी, संडीला और बावन स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब प्राप्त करने के निर्देश सीएमओ को दिए। कहा कि ई-कवच पोर्टल पर एएनएम के माध्यम से कुपोषित और अतिकुपोषित बच्चों की फीडिंग में तेजी लाई जाए।
आयुष्मान कार्ड बनाने में तेजी और लोगों को सरकारी चिकित्सालयों में कार्ड से उपचार की सुविधा की जानकारी दी जाए। कहा कि सभी हेल्थ व वेलनेस सेंटरों की सक्रियता सुनिश्चित कराई जाए। सीडीओ सौम्या गुरूरानी, सीएमओ डॉ. राजेश तिवारी सहित आयुष व अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
इनसेट
वित्त एवं लेखाधिकरी अधिकारी से अनुमोदन जरूर लिया जाए
डीएम ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट किया कि वित्त एवं लेखाधिकारी के अनुमोदन के बिना किसी भी फाइल पर वित्तीय स्वीकृति न दी जाए। वित्तीय मामलों में लिपिकों की सत्यनिष्ठा अवश्य परखी जाए।