हरदोई। हरदोई जिला सहकारी बैंक की वार्षिक सामान्य निकाय बैठक बुधवार को गांधी भवन सभागार में हुई। इसमें सहकारिता मंत्री जेपी एस राठौर ने कहा कि सहकारी बैंक के सभी खाताधारकों का ब्याज सहित भुगतान किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की कमजोर 16 जिला सहकारी बैंकों में ग्राहकों को उनके पूर्व भुगतान की व्यवस्था की गई हैं। जनपद की सहकारी बैंक के ग्राहकों को शीघ्र भुगतान करने के लिए 10 करोड़ 52 लाख रुपये की मांग की गई थी। इसका पूरा भुगतान किया जा चुका है।
उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश कोऑपरेटिव बैंक के प्रबंध निदेेशकों को कड़े निर्देश दिए गए हैं कि वह जिला सहकारी बैंक की मांग के अनुसार तत्काल धनराशि उपलब्ध कराएं। पूर्व की सरकारों ने सहकारी संस्थाओं को लूटने का काम किया। वर्तमान सरकार इसमें सुधार कर रही है।
मुख्य कार्यपालक अधिकारी विशाखा गौतम ने बताया कि सहकारी बैंक क्रेडिट कार्ड के माध्यम से किसानों को एक करोड़ 80 लाख का ऋण तीन प्रतिशत ब्याज पर दे चुकी है।
बैंक अध्यक्ष विद्याराम वर्मा ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि गत वर्ष कोरोना संक्रमण के कारण निक्षेप, ऋण वितरण और वसूली पर प्रभाव पड़ा। अब सहकारी आंदोलन को सफल बनाने के सार्थक प्रयास किए जा रहे हैं।
बैठक का संचालन अशोक सिंह ने किया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष सौरभ मिश्र, विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक अखिलेश प्रताप सिंह, उपायुक्त लखनऊ मंडल दीपक सिंह, सहकारी बैंक के उप महाप्रबंधक आशीष कुमार, अमिताभ कुमार, पूर्व विधायक राजकुमार अग्रवाल मौजूद रहे।