हरदोई। गोपामऊ कस्बे में बुधवार की रात डायरिया से एक बच्चे की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि बच्चे की जान चिकित्सक की लापरवाही से गई है। परिजनों ने हंगामा भी किया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने गुरुवार को पोस्टमार्टम कराया। गोपामऊ कस्बे के मोहल्ला लालपीर निवासी कुंवरपाल खेतीबाड़ी करता है। कुंवरपाल ने बताया कि बुधवार की रात उसके आठ वर्षीय पुत्र सचिन को डायरिया हो गया। हालत बिगड़ने पर वह उसे मोहल्ला खारेकुआं में क्लीनिक चलाने वाले चिकित्सक के पास लेकर गया। चिकित्सक ने बच्चे को इंजेक्शन लगाया और उसके बाद वे लोग उसे लेकर घर चले गए। कुंवरपाल के अनुसार रात में बच्चे की हालत और खराब हो गई, कुछ देर बार उसकी मौत हो गई। परिजनों ने उसका उपचार करने वाले चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा काटा। परिजनों ने पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने पंचनामा करा गुरुवार को शव का पोस्टमार्टम कराया। थानाध्यक्ष कमलेश्वर प्रसाद ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला कि बच्चे की बीमारी से मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार पुलिस कार्रवाई करेगी। सचिन की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। सचिन मां-बाप का इकलौता पुत्र था। तीन पुत्रियों में इकलौते पुत्र की मौत से परिवार और रिश्तेदारों में कोहराम मचा हुआ है।