परीक्षा शुरू होने से पहले गायब हुईं 99 कापियां, केंद्र व्यवस्थापक को नोटिस
- लखनऊ डायट के उप प्राचार्य की टीम ने किया था औचक निरीक्षण
- कापियां नहीं मिलने पर होगी रासुका की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। बोर्ड परीक्षा शुरू होने से पहले ही बिलग्राम तहसील के एक परीक्षा केंद्र से कला विषय की 99 कापियां गायब हो गई हैं। मामले में डीआईओएस ने केंद्र व्यवस्थापक को नोटिस जारी करके जवाब मांगा है।
गुरुवार को लखनऊ जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के उप प्राचार्य मुकेश कुमार सिंह ने बिलग्राम तहसील के पंडित नेहरु इंटर कॉलेज में औचक छापेमारी की। यहां टीम ने परीक्षा के लिए आवंटित हुई कापियों की जांच की। तो इंटरमीडिएट कला विषय की 99 कापियां गायब मिली। मामले की जानकारी डायट उप प्राचार्य ने जिला विद्यालय निरीक्षक को दी। इसके बाद डीआईओएस वीके दुबे ने केंद्र व्यवस्थापक संजीव कुमार को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
इसमें कहा गया है कि जीआईसी संकलन केंद्र से सभी उत्तर पुस्तिकाओं का मिलान करके प्रपत्र और कापियां लेकर जाए गए थे। कापियां कम होने की सूचना विभागीय अधिकारियों को नहीं दी गई। कापियां गायब होने के मामले में केंद्र व्यवस्थापक शुक्रवार को कार्यालय में उपस्थित होकर अपना स्पष्टीकरण दें। अन्यथा उनके खिलाफ रासुका की कार्रवाई की जाएगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक वीके दुबे ने बताया कि डायट उप प्राचार्य की आख्या के आधार पर नोटिस जारी की गई है। नोटिस का जवाब आने पर आगे कार्रवाई की जाएगी।