हरदोई। रेडक्रास शुल्क जमा न करने पर 90 विद्यालयों का अक्तूूबर माह का वेतन पारित नहीं होगा। इस संबंध में विद्यालयों को निर्देश दे दिए गए हैं।
डीआईओएस वीके दुबे ने सभी राजकीय व सहायता प्राप्त विद्यालयों को निर्देश दिए कि बिना रेडक्रास शुल्क जमा किए विद्यालय का वेतन बिल पारित न होने पर विद्यालय के प्रधानाचार्य जिम्मेदार होंगे। उन्होंने बताया कि कलक्ट्रेट सभागार में डीएम पुलकित खरे की अध्यक्षता में हुई बैठक में भारतीय रेडक्रास सोसाइटी की शाखा के पदाधिकारियों ने बताया कि जिले के 35 विद्यालयों ने ही रेडक्रास का 50 प्रतिशत अंशदान जमा किया, शेष सहायता प्राप्त और राजकीय विद्यालयों ने अंश दान नहीं किया। अक्तूबर के वेतन के साथ शुल्क जमा करने की छाया प्रति की रसीद लगाकर वित्त एवं लेखाधिकारी को देना होगा। अन्यथा वेतन निर्गत न होने की जिम्मेदारी प्रधानाचार्य की होगी। जनपद में राजकीय और सहायता प्राप्त कुल 125 विद्यालय हैं। कुल 90 विद्यालयों के वेतन पर फिलहाल रोक लगा दी गई है।