हरदोई। हादसे में बेटी की मौत के कुछ घंटे बाद मां ने भी लखनऊ ट्रामा सेंटर में दम तोड़ दिया। पिता की हालत भी गंभीर है।
शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला अल्लापुर निवासी प्रेमचंद्र (25) बाइक से मंगलवार शाम वैवाहिक समारोह में शामिल होने गए थे। साथ में उसकी पत्नी रीता (24) और तीन माह की बेटी वंदना भी थी। रास्ते में देहात कातवाली क्षेत्र में हरदोई-शाहजहांपुर मार्ग पर चरौली पुलिया के निकट बाइक अनियंत्रित होकर खड़े ट्रक में पीछे से घुस गई थी। हादसे में वंदना की मौत हो गई थी। दंपति गंभीर रूप से घायल हो गए थे। राहगीरों ने घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। चिकित्सक ने दोनों को लखनऊ रेफर कर दिया था। प्रेमचंद्र के चाचा उमेश ने बताया कि देर रात रीता ने ट्रामा सेंटर में दम तोड़ दिया। वहीं प्रेमचंद्र भी जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है।