हरदोई। एकेडमिक रिसोर्स पर्सन (एआरपी) पदों पर भर्ती की आवेदन की तिथि बढ़ा दी गई है। अब 15 जून तक आवेदन स्वीकार होंगे।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी हेमंत राव ने बताया कि समग्र शिक्षा अभियान के तहत स्थापित न्याय पंचायत संसाधन केंद्र व ब्लाक संसाधन केंद्रों के लिए एआरपी का चयन किया जाना है। जिले के प्रत्येक विकास खंड पर पांच-पांच एआरपी होने चाहिए। जिले के 19 विकास खंडों में अभी तक सिर्फ 32 एआरपी तैनात हैं शेष पद रिक्त हैं। इस पर तैनाती के लिए शिक्षकों से आवेदन मांगे गए थे। अभी तक आवेदन की तिथि 30 मई तक रखी गई थी लेकिन अब उसे बढ़ाकर 15 जून कर दी गई है। अभी भी 68 पद रिक्त हैं। जिस पर तैनाती होनी है। बीएसए ने बताया कि शिक्षक अपने संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी के पास 15 जून की शाम पांच बजे तक प्रत्येक दशा में आवेदन जमा कर दें।