हरदोई। 85 साल से अधिक आयु के बुजुर्ग और दिव्यांगजन को घर से वोट की सुविधा में लोकसभा क्षेत्र हरदोई और मिश्रिख में 532 बुजुर्गों और 390 दिव्यांगजन का विकल्प सही पाया गया है। इन बुजुर्गों और दिव्यांगजन से घर-घर वोट डलवाए जाने के लिए प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में दो-दो टीमों को लगाया गया है। यह टीमें पहले राउंड में छह से आठ मई तक घर-घर जाकर वोट डलवाएंगी।
भारत निर्वाचन आयोग ने लोकतंत्र के उत्सव में सभी को वोट डालने के अधिकार और अधिक से अधिक मतदान कराए जाने के उद्देश्य से 85 साल से अधिक आयु वर्ग के बुजुर्गों और दिव्यांगजन को घर से ही वोट की सुविधा दी है। जिला निर्वाचन अधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने बताया कि इसके लिए बुजुर्गों और दिव्यांगजन से विकल्प पत्र भरवाए गए हैं। बताया कि लोकसभा क्षेत्र हरदोई और मिश्रिख में प्राप्त विकल्पों की जांच में सही पाए गए बुजुर्गों और दिव्यांगजन को घर से वोट का विकल्प दिया गया है। बताया कि दोनों लोकसभा क्षेत्र की दस विधानसभा क्षेत्रों में 85 साल से अधिक आयु के 532 बुजुर्गों और 390 दिव्यांगजन के इनके घर पर ही वोट डलवाए जाने की व्यवस्था कराई गई है।
-
घर से वोट करने वाले 85 साल से अधिक व दिव्यांग मतदाताओं पर एक नजर
विधानसभा क्षेत्र का नाम : 85 साल से अधिक के बुजुर्ग : दिव्यांग मतदाता
सवायजपुर : 17 : 15
शाहाबाद : 100 : 48
हरदोई : 104 : 45
गोपामऊ : 66 : 44
सांडी : 53 : 45
बिलग्राम-मल्लावां : 50 : 37
बालामऊ : 54 : 25
संडीला : 24 : 25
मिश्रिख : 33 : 29
बिल्हौर : 31 : 63