संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। गांव के विकास व निर्माण में गड़बड़ी और इंटरलॉकिंग लगवाए बिना ही 5.14 लाख का गबन करने के आरोपी ग्राम विकास अधिकारी (वीडीओ) को निलंबित कर दिया गया है। जिला विकास अधिकारी (डीडीओ) ने यह कार्रवाई विकास खंड संडीला में तैनाती के दौरान की गई गड़बड़ी पर की है। वर्तमान में यह वीडीओ विकास खंड अहिरोरी में तैनात है।
जिला विकास अधिकारी अरविंद कुमार ने यह कार्रवाई संडीला के खंड विकास अधिकारी की ओर से भेजी गई रिपोर्ट व संस्तुति पर की है। बताया कि विकास खंड अहिरोरी में तैनात वीडीओ देशराज गौड़ ने संडीला में तैनाती के दौरान ग्राम पंचायत गोसवा डोंगा में सिकंदर के हाता से सुबेदार के घर तक इंटरलॉकिंग नहीं लगवाई थी। काम कराए बिना ही पांच लाख 14,408 रुपये का भुगतान निकाल लिया था।
शासकीय राशि का गबन किए जाने के साथ ही वीडीओ पर आरोप हैं कि वित्तीय और तकनीकी नियमों का पालन भी नहीं किया है। इससे शासन की प्राथमिकता की योजना व कार्यक्रमों का लाभ पात्रों तक समय से नहीं पहंच सका है। बताया कि वीडीओ देशराज गौंड़ को निलंबित करते हुए हरियावां ब्लॉक से संबद्ध किया गया है। हरियावां के बीडीओ को जांच अधिकारी नामित करते हुए 15 दिन के अंदर आरोप पत्र तैयार कर अनुमोदित कराते हुए प्राप्त कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। डीपीआरओ से कहा गया है कि निलंबित किए गए वीडीओ को आवंटित ग्राम पंचायतों को दूसरे पंचायत सचिव को आवंटित कराने की प्रक्रिया पूरी कराएं।