हरदोई। सिनेमा मार्ग स्थित पंजाब नेशनल बैंक में पूर्व सैनिक के बैग से चोरों ने 50 हजार रुपये उड़ा दिए। पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी। बैंक के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में तीन चोरों की तस्वीर दिखी है।
लोनार कस्बा निवासी पूर्व सैनिक विजेंद्रपाल सिंह का सिनेमा मार्ग स्थित पंजाब नेशनल बैंक में खाता है। वह गांव में मकान बनवा रहे हैैं। शुक्रवार सुबह उन्होंने बैंक से 50 हजार रुपये निकाले और पॉलिथीन में रखकर बैग में डाल दिए।
पासबुक में इंट्री कराने के दौरान पीछे खड़े तीन युवकों ने उनका बैग काटकर रुपये चुरा लिए और फरार हो गए। उन्होंने बैग से रुपये गायब देखे तो उनके होश उड़ गए। पीड़ित ने बैंक कर्मियों व पुलिस को जानकारी दी। सीसीटीवी फुटेज में तीन लोग बैग काटकर रुपये निकालते दिख रहे हैं। कोतवाल संजय पांडेय ने बताया कि तहरीर मिली है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।