अमर उजाला ब्यूरो
हरपालपुर। अरवल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम श्रीमऊ में शौच के लिए गई बालिका बाढ़ के कारण उफनाए कुंडा नाले में डूब गई। उसका कोई सुराग नहीं लगा है।
अरवल थाना क्षेत्र के ग्राम श्रीमऊ निवासी मोतीलाल दिल्ली में मजदूरी करता है। उसकी पत्नी मीना छह बच्चों के साथ गांव में ही रहती है। बुधवार सुबह लगभग पांच बजे उसकी सबसे बड़ी पुत्री नैंसी उर्फ अंजली (12) शौच के लिए गांव के पास से ही निकले कुंडा नाले के किनारे गई थी। इसी दौरान वह उफनाए कुंडा नाले में पैर फिसलने के कारण गिर गई। शौच के लिए आ रही उसकी मां मीना ने उसे नाले के पानी में बहते देखा तो शोर मचाना शुरू कर दिया। इस पर ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और अंजली की तलाश के लिए नाले में छलांग लगा दी। कई घंटे की मशक्कत के बाद भी अंजली का कोई पता नहीं चला। सवायजपुर तहसीलदार मूसाराम थारू ने बताया कि घटना संज्ञान में है। बालिका का पता नहीं चला है।
शौच के लिए गई बालिका नाले में डूबी