हरदोई। बिजली कनेक्शन से वंचित परिषदीय विद्यालयों को अब सौर ऊर्जा से रोशन किया जाएगा। इसके लिए विभाग की ओर से कार्य योजना बनाकर नेडा को भेजी गई। जिसका आकलन कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इससे जिले के 243 विद्यालय के विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा।
जिले में 3446 परिषदीय विद्यालय संचालित हैं। इनमें 2419 प्राममिक,628 जूनियर और 407 संविलियन विद्यालय शामिल हैं। इन सभी विद्यालयों को विद्युतीकरण कराया जाना था। इसके लिए विभाग की ओर से लगातार प्रयास किए जा रहे थे। विभागीय आंकड़ों के अनुसार, 3446 में से 3203 विद्यालयों का विद्युतीकरण कराया जा चुका है। जिले के अभी भी 243 विद्यालयों में बिजली नहीं पहुंच पाई है।
इसके लिए शिक्षा विभाग की ओर से बिजली विभाग को सूची उपलब्ध कराई गई थी। इस पर बिजली विभाग की ओर से पोल से दूरी अधिक होने पर उसका एस्टीमेट बनाकर विभाग को भेजा गया था। धनराशि शासन से उपलब्ध न होने पर बिजली कनेक्शन नहीं हो पा रहे थे। ऐसे विद्यालयों में बिजली व्यवस्था के लिए विभाग की ओर से प्रशासन को अवगत कराया गया था। जिलाधिकारी ने इन विद्यालयों में सौर ऊर्जा पैनल लगाने के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए थे।
बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से विद्यालयों में सौर ऊर्जा पैनल लगाने की कार्य योजना नेडा को भेजी गई थी। इसका आकलन भी हो गया है। जल्द ही इन विद्यालयों में सोलर पैनल लगाने का काम शुरू हो जाएगा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि सौर ऊर्जा पैनल लगाने के संबंध में कार्यवाही चल रही है। जल्द ही इस पर काम शुरू होने की संभावना हैं।