हरदोई। बेनीगंज विद्युत उपकेंद्र से जुड़े लगभग 1800 परिवारों और 80 व्यवसायिक प्रतिष्ठानों को तेज हवा के कारण तार टूट जाने से लगभग 24 घंटे तक गर्मी में परेशान होना पड़ा। बिजली व्यवस्था में सुधार के दावों के बीच बड़ी बात यह है कि हवा का जरा सा ही झोंका ही बिजली व्यवस्था को पटरी से उतार देता है।
बेनीगंज विद्युत उपकेंद्र के अधीन प्रतापनगर चौराहा फीडर है। इस फीडर से 1800 घरेलू कनेक्शन हैं, जबकि 80 वाणिज्यिक कनेक्शन हैं। मंगलवार शाम तेज हवाएं चलने पर सात बजे बिजली गुल हो गई। कुछ जगहों पर तार टूट गए तो कुछ जगहों पर दूसरी तकनीकी समस्या आ गई।
समस्या खोजने और दूर करने की कवायद तो शुरू हुई, लेकिन अंजाम तक नहीं पहुंची। प्रतापनगर फीडर पर 240 एंपीयर का ही लोड होना चाहिए, लेकिन इससे कहीं अधिक का लोड इस पर पड़ रहा है। विभागीय अभियंता कहते हैं कि हवा चलने से बिजली गुल नहीं होती, बल्कि ओवर लोड होने के कारण परेशानी होती है। अवर अभियंता सर्वेश कुमार ने बताया कि मरम्मत का कार्य तेजी से किया जा रहा है। जल्द ही आपूर्ति बहाल हो जाएगी। (संवाद)