हरियावां। थाना क्षेत्र के भदेउरा गांव निवासी शंकर (60) का शव सोमवार सुबह गांव के बाहर तालाब में मिला। वहां से गुजरे लोगों की नजर शव पर पड़ी तो उन्होंने जानकारी परिजनों को दी। मृतक का बेटा चंद्रप्रकाश व अन्य परिजन मौके पर पहुंच गए और ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला। चंद्रप्रकाश ने बताया कि उसके पिता शंकर मानसिक रूप से बीमार थे। रविवार शाम वह घर से निकल गए, इसके बाद उनका पता नहीं चला। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना गांव में ही अंतिम संस्कार कर दिया। एसओ फूलचंद्र सरोज ने बताया कि उन्हें जानकारी नहीं है।