हरदोई। जनपद के तीन केंद्रों पर बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। तीन केंद्रों पर कुल 1,549 परीक्षार्थियों को परीक्षा देनी थी, लेकिन 1,322 ने ही परीक्षा दी। 227 अभ्यर्थी परीक्षा में गैर हाजिर रहे। परीक्षा के दौरान तीनों केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेट भी परीक्षा केंद्रों पर निगाह बनाए रहे।
बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी की ओर से इस बार बीएड की संयुक्त प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया गया। प्रवेश परीक्षा के लिए विद्यार्थियों से ऑनलाइन आवेदन मांगे गए थे। विद्यार्थियों से प्राप्त आवेदन के आधार पर विश्व विद्यालय की ओर से परीक्षा केंद्रों का निर्धारण किया गया था। शहर के तीन विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया गया था। रविवार को प्रथम पाली की परीक्षा सुबह नौ और द्वितीय पाली की परीक्षा दोपहर दो बजे से हुई। परीक्षा केंद्र पर तलाशी के बाद परीक्षार्थियों को प्रवेश दिया गया।
सीएसएन महाविद्यालय में कुल 517 परीक्षार्थियों को परीक्षा में शामिल होना था। वहां प्रथम पाली में 442 और द्वितीय पाली में 441 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। प्रथम पाली में 75 और द्वितीय पाली में 76 अनुपस्थित रहे। महाराणा प्रताप राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में 517 में प्रथम पाली में 431 और द्वितीय पाली 430 परीक्षा में शामिल हुए। प्रथम पाली में 86 और द्वितीय पाली में 87 अनुपस्थित रहे।
आरआर इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र पर 515 में प्रथम पाली में 449 और द्वितीय पाली में 447 परीक्षा में शामिल हुए। प्रथम पाली में 66 और द्वितीय पाली में 68 अनुपस्थित रहे। ज्येष्ठ केंद्राध्यक्ष ने बताया कि सभी केंद्रों पर परीक्षाएं शांति पूर्वक संपन्न हुई।