गढ़मुक्तेश्वर। गांव बिहूनी निवासी रतनवीर सिंह त्यागी के 40 वर्ष के बेटे श्रीओम त्यागी उर्फ सोनू त्यागी खेती का काम करते थे। मंगलवार की देर रात वह गांव से पैदल स्याना-बुलंदशहर मार्ग पर गए थे। दादू फार्म हाउस के निकट तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में उनकी मौत हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त की कोशिश की, लेकिन रात का समय होने के कारण पहचान नहीं हो सकी। वहीं, बुधवार की सुबह बिहूनी से कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराने पहुंचे परिजनों ने शव की शिनाख्त श्रीओम के रूप में की। कोतवाली पुलिस का कहना है कि अभी इस संबंध में तहरीर नहीं मिली है। इसके बावजूद मामले की जांच करते हुए वाहन चालक की तलाश कराई जा रही है।