गढ़मुक्तेश्वर। कोतवाली क्षेत्र के गांव अठसैनी के निकट बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने घायल हुए गांव बदरखा निवासी 30 वर्षीय सत्तार की उपचार के दौरान मौत हो गई। सत्तार गढ़ क्षेत्र में स्याना चौपले पर कंफेक्सनरी की दुकान करता है। बुधवार की दोपहर को वह किसी काम से बाइक पर सवार होकर सिंभावली के लिए जा रहा था। हाईवे किनारे स्थित गांव अठसैनी के पास नहर पुल पर अचानक सत्तार बाइक से नियंत्रण खो बैठा। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था। जिसे पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से चिकित्सकों ने उसे मेरठ के लिए रेफर कर दिया। मेरठ के अस्पताल में उपचार के दौरान बृहस्पतिवार की सुबह युवक की मौत हो गई। शाम के समय गमगीन माहौल में मृतक को सुपुर्दे खाक कर दिया गया है।