गढ़मुक्तेश्वर। गढ़ क्षेत्र में सोमवार को बुखार से पांचवी मौत हो गई। बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव भदस्याना निवासी अनुज तोमर को बुखार आने पर मेरठ के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घर में इकलौते बेटे की मौत होने से परिजनों में कोहराम मच गया है। वहीं खादर क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जांच शिविर लगाया।
बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव भदस्याना निवासी 24 वर्षीय अनुज तोमर नोएडा में एक निजी कंपनी में कार्य करता था। परिजनों ने बताया कि पिछले एक सप्ताह से अनुज बुखार से पीड़ित था, जिसकी वजह से गांव लौट आया। परिजनों ने उसे उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। कुछ दिन बुखार चढ़ता उतरता रहा, जिसके बाद मेरठ के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां अनुज ने दम तोड़ दिया। ग्रामीणों ने बताया कि अनुज के पिता की आठ साल पहले मौत हो गई थी, जिसके बाद से मां-बेटा ही परिवार में बचे थे। मां का रो-रोकर बुरा हाल है, गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। गढ़ क्षेत्र में बुखार के कारण चार दिन में अब तक पांच मौत हो चुकी हैं।
कुदैनी की मढ़ैया में लगाया जांच शिविर
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने गांव कुदैनी की मढ़ैया में जांच शिविर लगाया। जहां स्वास्थ्यकर्मियों ने 110 मरीजों की जांच की। इनमें 32 ग्रामीणों की मलेरिया और 15 की डेंगू की जांच की गई हैं। सभी की रिपोर्ट नेगेटिव आई। सामान्य बुखार होने पर चिकित्सकों ने दवाई दी और परहेज का खाना और स्वच्छता अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कोट -
सभी गांवों में दौरा कर लिया है, बुखार से पीड़ित मरीजों की जांच के लिए जांच शिविर लगाए जा रहे हैं, दवाई भी निशुल्क दी जा रही हैं। दूसरे गांवों में भी शिविर लगवाए जाएंगे। डॉ. दिनेश भारती, सीएचसी अधीक्षक