गढ़मुक्तेश्वर। बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र में बहन के घर से वापस घर लौट रहे युवक को बदमाशों ने रास्ते में रोका और लूट की वारदात को अंजाम देने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव ढोलपुर निवासी सुरजीत ने तहरीर दी है। जिसमें उल्लेख किया है कि वह शनिवार में बहन के घर हापुड़ नगर में गया हुआ था। वहां से बाइक पर सवार होकर लौट रहा था। जैसे ही वह वैठ मोड़ की तरफ से बहादुरगढ़ क्षेत्र की तरफ चला तो पीछे से एक बाइक पीछे लग गई, जि स पर सवार तीन युवकों ने बाइक को गांव कनौर डहरा मार्ग पर रोक लिया और उसके साथ गाली गलौज करते हुए बाइक, जेब में रखी 130 रुपये की नकदी और हेलमेट लूट लिया। विरोध करने पर आरोपी वहां से पिटाई कर भाग निकले। इस संबंध में पीड़ित ने तुरंत डायल 112 पुलिस को सूचना देकर मौके पर बुलाया। इतने में ही थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और जांच की। पीड़ित ने बताया कि वह पिलखुवा में टेलीकॉम कंपनी में कार्य करता है। पीड़ित ने थाने में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
थानाध्यक्ष हरि कुमार का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच करा ली गई है, सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी देख ली गई है। सीसीटीवी में पीड़ित खुद को नहीं पहपचान पा रहा है, मामला संदिग्ध लग रहा है, इसके बावजूद विभिन्न बिंदुओं पर जांच कराई जा रही है।