गाजियाबाद। विजयनगर थाना क्षेत्र के प्रताप विहार में नवनीत को वाट्सएप पर आए मैसेज पर भरोसा करना महंगा पड़ गया। आरोपियों ने लाइक करके घर बैठे कमाई का लालच देकर नवनीत से 3.75 लाख की ठगी कर ली। मामले में नवनीत ने विजयनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
प्रताप विहार निवासी नवनीत ने बताया कि अक्तूबर माह में उनके मोबाइल पर मैसेज आया। उसपर क्लिक करने पर ऑप्शन खुला तो उन्होंने नवनीत को टेलीग्राम पर जुड़ने के लिए कहा। आरोपियों ने दावा किया कि यदि वह लाइक करने का काम शुरू कर दे तो उनकी कमाई शुरू हो जाएगी। शुरू में उनके खाते में 100 रुपये आ गए। फिर आरोपियों ने कहा कि यदि वह इसमें कुछ निवेश कर दें तो उनकी कमाई बढ़ जाएगी। उनकी बातों पर भरोसा कर नवनीत ने दिए गए खाते में तीन दिन में 3.75 लाख रुपये भेज दिए। इसके बाद आरोपियों ने और रकम ट्रांसफर करने की बात कही, लेकिन उनके पास पैसा खत्म हो चुका था। फिर उन्होंने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी। एसीपी रविंद्र वर्मा ने बताया कि जांच कराई जा रही है।
प्लॉट दिलाने के नाम पर 1.10 लाख की ठगी
कोतवाली क्षेत्र में कंपनी कर्मचारी से दो प्रोपर्टी डीलरों द्वारा प्लॉट दिलाने के नाम पर 1.10 लाख की ठगी की घटना सामने आई है। निजी कंपनी में कार्यरत विनोद कश्यप ने बताया कि नवंबर माह में उनकी मुलाकात मनीष नाम के प्राेपर्टी डीलर से हुई थी। मनीष ने अपने साथी कृष्णा शर्मा के साथ मिलकर उनको लालकुआं के पास एक प्लॉट दिखाया। आठ लाख में इसका सौदा तय हो गया। इसके बदले उनसे 1.10 लाख रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए। महीनों बीतने के बाद भी आरोपी बैनामा करने के लिए तैयार नहीं हुए। पैसा लौटाने से भी मना कर दिया। हाल में आरोपियों ने एक दरोगा से अपनी सांठगांठ बताकर उनको डरा दिया कि कहीं पर शिकायत की तो उनको जेल में डाल दिया जाएगा। मामले में पीड़ित ने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्जकर जांच शुरू कर दी। एसीपी ने बताया कि दोनों पक्षों को पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया है।