संवाद न्यूज एजेंसी
हापुड़। थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के अंतर्गत स्वर्ग आश्रम रोड पर पिस्टल के बल पर युवक की लात घूसों से जमकर पिटाई कर डाली। वहीं, जान से मारने की नियत से आरोपी ने कई बार पिस्टल से युवक पर गोली चलाने का प्रयास किया। गोली न चलने के बाद आरोपी युवक को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।
नगर के मोहल्ला पन्नापुरी निवासी विशाल राणा ने बताया कि 26 फरवरी की रात करीब पौने ग्यारह बजे वह अपने दो दोस्तों के साथ एक शादी में शामिल होकर घर आ रहा था। जैसे ही वह स्वर्ग आश्रम रोड स्थित एक अस्पताल के सामने वाली गली में पहुंचा तो सामने से अतुल त्यागी पुत्र रविदत्त त्यागी निवासी मोहल्ला त्यागीनगर, अंकुश पंजाबी निवासी मोहल्ला पटेल नगर व एक अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें रोक लिया। इस दौरान अंकुश पंजाबी ने पिस्टल निकाल अतुल त्यागी को दी और उसे खत्म कर दो की बात कही। इसके बाद अतुल त्यागी ने पिस्टल उसकी कनपटी पर लगा दी और पिस्टल के बल उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि अतुल त्यागी ने उसे बाइक से जमीन पर गिराकर लात घूसों से जमकर पीटा। इतना ही नहीं अतुल त्यागी ने उसे जान से मारने की नियत से कई बार पिस्टल चलाने का प्रयास किया। लेकिन पिस्टल से गोली नहीं चल सकी। इस पर तीनों आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। इसकी सूचना उसने डायल 112 को भी दी।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार ने बताया कि पीड़ित युवक की तहरीर पर अतुल त्यागी, अंकुश पंजाबी व एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।