गढ़मुक्तेश्वर। खादर क्षेत्र के गांव गड़ावली में पशुओं के लिए चारा लेने जा रही एक महिला की दस फुट गहरे नाले में गिरकर मौत हो गई। घटना के चार घंटे बाद पुलिस व प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे, जिस पर ग्रामीणों ने रोष जताया।
किसान कन्हैया ने बताया कि शुक्रवार की सुबह करीब दस बजे उसकी पत्नी धनवती (30) रोजाना की तरह अपनी सास जगवती और ननद भूपेंद्री के साथ पशुओं के लिए चारा लेने के लिए जा रही थी। खेतों पर जाते समय बरसाती नाले में भरे गंगा के जल में महिला पैर फिसलने से गिर गई, जिससे उसकी डूबकर मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर महिला को बाहर निकाला और स्थानीय अस्पताल में चिकित्सक को दिखाया, जहां महिला को मृत घोषित कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि गंगा का जलस्तर बढऩे से बरसाती नाले में पानी भरा था। शासन के भी आदेश हैं कि जहां जलस्तर बढ़ रहा है, वहां पर सतर्कता बरती जाए, लेकिन तहसील प्रशासन 10 बजे की घटना पर दो बजे पहुंचा।
परिवार का रो-रोकर बुरा हाल
मृतका के पति कन्हैया ने बताया कि उसके पांच बच्चे हैं, दो बेटी मीनाक्षी, सोनम और तीन बेटे यश, मधुर और विवेक हैं। सोनम तो अभी डेढ़ वर्ष की है। सभी का रो-रोकर बुरा हाल है।
हर साल लगती थी नाव, इस बार नहीं लगी
गड़ावली के जंगल में चारा और खेतों पर जाने के लिए नाला पार कराने के लिए हर साल प्रशासन स्तर से नाव लगाई जाती थी। लेकिन इस बार प्रशासन द्वारा यहां पर नाव की व्यवस्था नहीं हुई। जिससे खेतों पर जाने के दौरान गांव के किसानों को परेशानी होती है।
नेताओं की कार्यशैली पर भड़के ग्रामीण
महिला की मौत होने पर ग्रामीणों ने बताया कि बरसाती नाले पर एक पुलिया तैयार होने से ग्रामीणों को काफी राहत मिलेगी। ग्रामीणों ने कहा कि हर बार चुनाव में नेताओं से एक पुलिया बनवाने की मांग की जाती है, लेकिन किसी ने इस तरफ ध्यान नहीं दिया।
जिलाधिकारी को सौंपी जाएगी रिपोर्ट
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक और लेखपाल द्वारा रिपोर्ट तैयार की जा रही है। मृतका के परिजनों की मदद के लिए रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी जा रही है। - अंकित कुमार वर्मा, एसडीएम