पिलखुवा। एक सप्ताह पूर्व हुई मोची राजेश की हत्या के मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी समेत तीन को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त दरांती और कपड़े बरामद किए हैं।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मुनीष प्रताप सिंह ने बताया कि गत 14 मार्च को पुलिस ने ग्रामीणों की सूचना पर जटपुरा गांव के जंगल से एक अज्ञात युवक का शव बरामद किया था। जिसकी पहचान बाद में गाजियाबाद के मुरादनगर क्षेत्र के गांव राबड़ी-राबेड़ निवासी राजेश के रूप में हुई थी। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी पुष्पा, पिलखुवा के डबरिया निवासी शिवा और दीपक को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने हत्या का अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि मृतक राजेश अपनी पत्नी पुष्पा के साथ रोजाना मारपीट करता था। पुष्पा का पिलखुवा के शुक्लान मोहल्ला में मायका है। इसी बीच पुष्पा के संपर्क में शिवा आ गया, दोनों एक-दूसरे से प्रेम करने लगे। राजेश से परेशान पुष्पा और शिवा ने उसकी हत्या करने करने की योजना बनाई। राजेश भी शिवा को जानता था। इसी के चलते शिवा ने राजेश को फोन कर बुलाया था, इसके बाद राजेश, शिवा और दीपक ने शराब पी। उसके बाद दरांती से गला रेत कर राजेश की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त दरांती और कपडे़ बरामद कर लिए हैं।